विशाल यादव हत्याकांड के बाद सड़क जाम और हिंसा पर पुलिस का एक्शन, 8 गिरफ्तार
जौनपुर। जिले में विशाल यादव हत्याकांड के बाद जौनपुर-मिर्जापुर हाईवे पर हुए प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में लाइन बाजार पुलिस ने शनिवार को ...
जौनपुर। जिले में विशाल यादव हत्याकांड के बाद जौनपुर-मिर्जापुर हाईवे पर हुए प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में लाइन बाजार पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों पर दंगा भड़काने, सरकारी काम में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने समेत अन्य आरोप हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
हत्या के बाद करीब चार घंटे बाधित रहा हाईवे
शुक्रवार सुबह विशाल यादव की हत्या की खबर के बाद उनके परिजनों और समर्थकों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद लोगों ने जौनपुर-मिर्जापुर हाईवे पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी। जाम के कारण करीब चार घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
लंबे समय तक सड़क बंद रहने की वजह से हाईवे पर वाहनों की कतार करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गई थी। पुलिस मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालात सामान्य होने के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात व्यवस्था दोबारा बहाल कराई।
FIR में कई धाराएं, जांच के दौरान बढ़ी धारा 3(5)
शहर क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता के अनुसार, इस पूरे मामले को लेकर लाइन बाजार थाने में FIR नंबर 379/2026 दर्ज की गई है। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के अलावा 7 सीएलए एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच आगे बढ़ने के दौरान मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) भी जोड़ी गई। सीओ ने बताया कि इसी मुकदमे के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
आठ लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सौरभ यादव निवासी रसैना, राहुल यादव निवासी तिवारीपुर, प्रियांशु यादव निवासी कुद्दूपुर श्रीनगर, पतिराम यादव निवासी कुद्दूपुर, प्रवीण कुमार सिंह उर्फ शनि सिंह निवासी कादीपुर, लल्लन सोनकर निवासी रंजीतपुर, अमित मौर्या उर्फ नाटे निवासी पचोखर और हरेराम यादव निवासी रंजीतपुर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी लाइन बाजार थाना क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद सभी आठ आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच पुलिस द्वारा आगे भी जारी है।
