Jaunpur News: स्कूल निरीक्षण में दो शिक्षक मिले गायब, वेतन रोकने के निर्देश

जौनपुर। विकास खंड मुंगराबादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय नौवाड़ाडीह में सोमवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर के निरीक्षण में कई अनियमि...

बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए)

जौनपुर।
विकास खंड मुंगराबादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय नौवाड़ाडीह में सोमवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर के निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं। बिना किसी सूचना के दो सहायक अध्यापक विद्यालय से अनुपस्थित मिले। इस पर बीएसए ने दोनों शिक्षकों का सितंबर माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों से साक्ष्य के साथ स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

बीएसए सोमवार को विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक अजय कुमार मिश्र और अर्चना कुमारी बिना सूचना के विद्यालय से गैरहाजिर मिलीं। अधिकारियों के अनुसार, दोनों शिक्षकों द्वारा टाइम एंड मोशन शासनादेश का अनुपालन नहीं किया गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।

उपस्थिति पंजिका में भी मिली लापरवाही

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार गुप्त की उपस्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हुए। वह उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय में मौजूद नहीं मिले। वहीं, उपस्थिति पंजिका की जांच में अनुपस्थित शिक्षकों के नाम के सामने संबंधित कॉलम खाली पाए गए।

बीएसए ने पंजिका में दर्ज विवरण और मौके की स्थिति में अंतर मिलने पर इसे गंभीर लापरवाही माना। उन्होंने प्रधानाध्यापक की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मामले में स्पष्टीकरण तलब किया है।

मध्याह्न भोजन और पढ़ाई में भी मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान केवल शिक्षकों की अनुपस्थिति ही नहीं, बल्कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन पंजिका और शिक्षण कार्य से संबंधित व्यवस्थाओं में भी अनियमितताएं मिलीं। बीएसए ने संबंधित कर्मचारियों से इन कमियों के संबंध में जवाब मांगा है।

बीएसए ने विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों और विभागीय नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा। निरीक्षण में सामने आई कमियों के आधार पर संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापक से जवाब मांगा गया है।

    Home Trending Shorts Stories Join Now