Jaunpur News: निर्माणाधीन मकान में महिला की ईंट से वार कर हत्या, बढ़ई पर FIR दर्ज

खुटहन (जौनपुर)। पनौली गांव में सोमवार को एक निर्माणाधीन मकान के भीतर 46 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला के सिर के पिछले हिस्से...

jaunpur-news-woman-murdered-with-a-brick-in-a-house-under-construction-case-registered-against-carpenter

खुटहन (जौनपुर)।
पनौली गांव में सोमवार को एक निर्माणाधीन मकान के भीतर 46 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला के सिर के पिछले हिस्से पर ईंट से वार कर उसकी जान ले ली गई। स्कूल से लौटकर घर पहुंचीं बेटियों ने जब मां को घर पर नहीं पाया तो निर्माणाधीन मकान पर पहुंचीं, जहां कमरे में तख्त पर उनका शव पड़ा मिला। सिर से खून बह रहा था। बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

मृतका की पहचान गुड़िया (46) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खुटहन पुलिस के साथ शाहगंज, सरपतहा और खेतासराय थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद कर ली है।

दरवाजा ठीक कराने को लेकर विवाद की बात सामने आई

खुटहन थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मकान में दरवाजा ठीक कराने को लेकर महिला का गांव के ही बढ़ई लालमनि विश्वकर्मा से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान बढ़ई ने महिला के सिर के पीछे ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, गुड़िया अपने पैतृक घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर मकान का निर्माण करा रही थी। सोमवार को वह दरवाजा ठीक कराने के लिए गांव के बढ़ई लालमनि विश्वकर्मा को बुलाने की बात कहकर निर्माणाधीन मकान पर गई थी। इसी दौरान यह वारदात हो गई।

पुलिस ने आरोपी लालमनि विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे हुए विवाद और हत्या की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

स्कूल से लौटते ही बेटियों ने देखा मां का शव

मृतका के देवर सत्तार अहमद ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे गुड़िया की बेटियां सवा (18) और सानिया (16) स्कूल से घर लौटीं। घर पर मां के नहीं मिलने पर दोनों निर्माणाधीन मकान की ओर चली गईं। वहां पहुंचने पर कमरे में तख्त पर मां का शव पड़ा दिखाई दिया। सिर पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था।

मां की हालत देखकर दोनों बेटियों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही खुटहन थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा शाहगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, सरपतहा प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय और खेतासराय प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त ईंट को कब्जे में ले लिया। वहीं, परिजनों ने हत्या के बाद गुड़िया के गहने गायब होने का भी आरोप लगाया है। पुलिस इस आरोप समेत वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

    Home Trending Shorts Stories Join Now