जौनपुर में बदमाशों ने ईंट-भट्ठा कारोबारी को मारी गोली, थार-स्कॉर्पियो से आए थे हमलावर, जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार रात थार और स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव (32) की का...
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार रात थार और स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव (32) की कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान गोली लगने से विपिन यादव के सीने में और उसके साथ मौजूद अंश (16) के घुटने में गोली लगी। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
फायरिंग के बाद अलग-अलग रास्तों से भागे बदमाश
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के अनुसार, बबरखा गांव निवासी विपिन यादव अपने कुछ साथियों के साथ कार से करंजाकला बाजार आया था। इसी दौरान दुर्गा माता मंदिर के सामने थार और स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उसकी कार को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने कार पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से विपिन यादव और अंश घायल हो गए।
फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ बदमाश थार से जौनपुर की ओर निकल गए, जबकि कुछ स्कॉर्पियो लेकर मल्हनी बाजार की तरफ भागे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जौनपुर तथा मल्हनी बाजार की ओर जाने वाले रास्तों पर जांच शुरू कर दी गई। हालांकि, पुलिस बदमाशों को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी।
जिला अस्पताल से दोनों घायल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर
गोली लगने के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने विपिन यादव और अंश को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, घायल विपिन यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज था और करीब पांच साल पहले वह जेल भी गया था। कुछ महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस इस घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है। विपिन के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर घटना के कारणों और हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
.webp)