Up News: क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति 112वीं बैठक सम्पन्न, कई बिन्दुओं पर हुई चर्चा
गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर की अध्यक्षता में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेड.आर.यू.सी...
गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर की अध्यक्षता में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेड.आर.यू.सी.सी.) की 112वीं बैठक रेलवे अधिकारी क्लब गोरखपुर में हुई। बैठक में समिति के सांसद महराजगंज (बिहार) जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सांसद सीवान विजयलक्ष्मी देवी, सांसद प्रतिनिधि, क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य, अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे विनोद शुक्ल, प्रमुख विभागाध्यक्ष सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक को सम्बोधित करते हुये महाप्रबन्धक ने कहा कि हमें आपके माध्यम से जन सामान्य की आवश्यकताओं का पता चलता है। पूर्वोत्तर रेलवे पर लाइन क्षमता में वृद्धि, यात्री सुविधाओं के उन्नयन, ट्रेनों के संरक्षित संचलन, कर्मचारी कल्याण तथा पर्यावरण की सुरक्षा के लिये हरित पहल सहित अन्य सभी क्षेत्रों में पर्याप्त कदम उठाये गये हैं। हमारी गहन योजना, परिश्रम एवं उपलब्ध सम्पत्तियों के कुशल और बेहतर उपयोग के परिण् ामस्वरूप पूर्वोत्तर रेलवे पर संरक्षा में उल्लेखनीय सुधार के साथ अनेक उत्साहजनक उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में आधरभूत संरचना के विकास के क्रम में बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड (56.15 किमी.) खंड का गेज परिवर्तन पूर्ण किया गया। साथ ही कुल 81.34 किमी. मल्टी-ट्रैकिंग का कार्य पूर्ण किया गया, जिसके अंतर्गत बुढ़वल-गोंडा तीसरी लाइन परियोजना के अन्तर्गत करनैलगंज-घाघरा घाट (21.42 किमी.) खंड तथा मऊ-पिपराडीह-दुल्लहपुर (20.92 किमी.), मऊ-खुरहट (12.50 किमी.) एवं पिवकोल-लार रोड (14.51 किमी.) खंडों के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया गया तथा यात्री यातायात के लिये खोल दिया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में अब तक 25.72 किमी. मल्टी-ट्रैकिंग का कार्य पूर्ण किया गया है।
श्री बोरवणकर ने कहा कि गत वर्ष 49.91 किमी. आटोमेटिक ब्लाॅक सिगनलिंग का कार्य पूर्ण कर क्रियान्वित किया गया। इसकी सहायता से अधिक ट्रेनों का संचालन सम्भव होगा। उन्होंने कहा कि गत वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 12 रोड ओवर ब्रिज (आर.ओ.बी.) एवं 43 रोड अंडर ब्रिज (आर.यू.बी.) को सफलतापूर्वक कमीशन किया गया। यात्रियों एवं स्थानीय जनता की सुविधा के लिये लिमिटेड हाइट सब-वे (एल.एचएस.) सुधार कार्यों के अंतर्गत 35 एल.एच.एस. के सतह में सुधार, कवर शेड का प्रावधान जैसे कार्य किये गये, ताकि जलभराव एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी आवागमन सुलभ बना रहे। गत वर्ष, त्यौहारों एवं विशेष अवसरों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुये पूर्वाेत्तर रेलवे से दुर्गा पूजा/दिवाली/छठ के दौरान 94 स्पेशल ट्रेनें, 54 ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनें एवं होली पर्व के दौरान 45 स्पेशल ट्रेनें 1,218 फेरों में चलाई गईं। गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत, बनारस-खजुराहो वंदे भारत, छपरा-आनन्द विहार टर्मिनल अमृत भारत, बनारस-सियालदह अमृत भारत, कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी, टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस जैसी नई सेवाओं का शुभारम्भ किया गया।
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि भारतीय रेल बहुत विस्तारित तरीके से कार्य कर रही है जिसका पूरा लाभ जनता को मिल रहा है और स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, सौन्दर्यीकरण तथा एयरपोर्ट के तर्ज पर सुविधाएं देने एवं रेल के सहयोग से देश के कोने-कोने से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है जिसका लाभ जनता को मिल रहा है। मढ़ौरा रेल इंजन कारखाना से 51वाँ रेल इंजन विदेश में भेजने के लिये रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक वर्ष में न्यूनतम दो बार अवश्य करवाई जाय।
सांसद विजयलक्ष्मी देवी ने सीवान से छपरा होते हुये पटना तक ट्रेन चलाने की मांग की तथ ट्रेन संचालन सम्बन्धित आवश्यक सुझाव दिये। केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन और विदेश राज्यमंत्री तथा सांसद, मनकापुर कीर्तिवर्धन सिंह के प्रतिनिधि ने गोण्डा लोकसभा क्षेत्र में किये गये अवसंरचना के कार्यों तथा रोड ओवर ब्रिज/रोड अंडरब्रिज आदि के लिये पूर्वोत्तर रेलवे एवं रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया तथा अन्य महत्वपूर्ण सुझाव दिये। केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं सांसद महाराजगंज (उत्तर प्रदेश) पंकज चौधरी के प्रतिनिधि, केन्द्रीय इलेक्ट्राॅनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी और वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री तथा सांसद पीलीभीत जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि, सांसद रवि किशन शुक्ला के प्रतिनिधि और सांसद बलिया सनातन पाण्डेय के प्रतिनिधि ने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधायें उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को समय से पूरा करने का सुझाव दिये।
बैठक में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों ने अपने क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं के उन्नयन, छोटे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं एवं प्रतीक्षालय की व्यवस्था, नई ट्रेन चलाने, विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, ट्रेनों का मार्ग विस्तार, समपारों पर अंडर पास/रोड ओवरब्रिज बनाने, रेल आय बढ़ाने सहित विकास के अनेक कार्य किये जाने के सुझाव दिये। इसके उपरांत प्रमुख विभागाध्यक्षों ने माननीय सांसदों, सांसद प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों पर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। अपर महाप्रबन्धक विनोद शुक्ल ने सांसद प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उप महाप्रबन्धक/सामान्य शुभम् वर्मा ने बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुये कहा कि इस बैठक के माध्यम से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों से रेल यात्री सेवा को और उपयोगी बनाया जा सकेगा।
.webp)