जौनपुर में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, सिर पर लोहे की रॉड से वार, वकीलों में आक्रोश

जौनपुर। दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर बुधवार सुबह कोर्ट जाते समय अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अधिवक...

जौनपुर में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, सिर पर लोहे की रॉड से वार, वकीलों में आक्रोश

जौनपुर। दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर बुधवार सुबह कोर्ट जाते समय अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में वकील लाइन बाजार थाने पहुंचकर आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

जानकारी के अनुसार लाइन बाजार थाना क्षेत्र के भारती नगर गंगा पट्टी निवासी अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने घर से बाइक से दीवानी न्यायालय जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह इंग्लिश क्लब के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए तीन अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।

आरोप है कि हमलावरों ने पहले अधिवक्ता के साथ गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद एक युवक ने लोहे की रॉड से उनके सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि अधिवक्ता का सिर फट गया और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े।

हमले के बाद तीनों हमलावर मौके से पीली कोठी की तरफ फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य अधिवक्ताओं ने तत्काल घायल अधिवक्ता को संभाला और उन्हें लाइन बाजार थाने पहुंचाया। वहां उन्होंने पुलिस को घटना की तहरीर दी। प्राथमिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

38 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए प्रतीक यादव, जानिए मुलायम परिवार के उस चेहरे को जो राजनीति से रहे दूर

घटना की सूचना मिलते ही दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में वकील लाइन बाजार थाने पहुंच गए और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। अधिवक्ताओं का कहना था कि दिनदहाड़े एक अधिवक्ता पर इस तरह का हमला बेहद गंभीर मामला है और इससे अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बार अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने लाइन बाजार थानाध्यक्ष से फोन पर वार्ता कर हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Jaunpur News: मुंबई सड़क हादसे में जौनपुर के युवक की मौत, गांव में छाया मातम

वहीं पुलिस का कहना है कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। पूरे दिन दीवानी न्यायालय परिसर और थाना क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा होती रही।

    Home Trending Shorts Stories Join Now