Jaunpur News: जिउतिया पर बाजारों में चहल-पहल, मंदिरों और तालाब किनारे हुआ पूजन
बरसठी (जौनपुर): संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए माताओं ने शनिवार को जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत रखा। 36 घंटे के निर्जला...
बरसठी (जौनपुर): संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए माताओं ने शनिवार को जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत रखा। 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद शाम को मंदिरों और सार्वजनिक तालाबों के किनारे सामूहिक पूजन किया गया। व्रत को लेकर सुबह से ही क्षेत्र के गांवों और बाजारों में चहल-पहल रही। बरसठी, निगोह, मियांचक, खुआवां, खोइरी, बेलौनकला और बघनरी समेत आसपास के गांवों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजन किया। वहीं बाजारों में पर्व की खरीदारी के लिए महिलाएं और परिजन पहुंचे। फलों, पूजन सामग्री और अन्य जरूरी सामान की दुकानों पर दिनभर भीड़ रही। दुकानदारों के अनुसार सामान्य दिनों की अपेक्षा खरीदारी अधिक रही।विभिन्न गांवों में मंदिरों और तालाबों के किनारे सुबह से ही पूजा स्थलों की साफ-सफाई और सजावट शुरू हो गई थी। पुरुषों और युवाओं ने भी पूजा स्थल तैयार करने में सहयोग किया। शाम को महिलाएं पारंपरिक परिधान में पूजा स्थलों पर पहुंचीं। मिट्टी और कुश से भगवान जीमूतवाहन, चील और सियारिन की प्रतिमाएं बनाकर विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद महिलाओं ने एक साथ बैठकर जिउतिया व्रत की कथा सुनी। पूजा स्थलों पर देर शाम तक महिलाओं की आवाजाही बनी रही। घरों में भी व्रत और पूजन को लेकर तैयारियां होती रहीं। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।
