Jaunpur Crime News: जौनपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, दो महीने पहले जेल से छूटा था गुलाब पाल

जौनपुर। जिले में मंगलवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। केराकत कोतवाली क्षेत्र के बलाईपुर बैरगिया...

Jaunpur Crime News

जौनपुर।
जिले में मंगलवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। केराकत कोतवाली क्षेत्र के बलाईपुर बैरगिया गांव में पंचायत भवन के पास 25 वर्षीय गुलाब पाल का शव मिला। युवक के सीने में गोली लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पंचायत भवन के पास मिला शव, सीने में मारी गई थी गोली

पुलिस के मुताबिक, गुलाब पाल मंगलवार को गांव में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम से लौटते समय वह धर्मू के साथ बाइक पर सवार था। पंचायत भवन के पास पहुंचने पर गुलाब बाइक से उतर गया। देर रात करीब एक बजे उसके परिजनों को सूचना मिली कि वह वहां घायल अवस्था में पड़ा है।

परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो गुलाब की मौत हो चुकी थी। उसके बाएं सीने में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। केराकत कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस भी बुलाई गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत एकत्र किए।

चार लोगों के खिलाफ मुकदमा, पुराने विवाद समेत कई पहलुओं की जांच

मृतक के पिता पतिराम की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अनुराग पाल, सचिन पाल, अनमोल यादव और धर्मू यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, गुलाब पाल का आपराधिक इतिहास रहा था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत करीब 11 मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि वह लगभग दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। गांव में उसकी कुछ लोगों से पुरानी रंजिश होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन बातों को हत्या की वजह मानने से पहले पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी केराकत गिरेंद्र सिंह के मुताबिक, घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

अगले साल मई में होनी थी शादी, परिवार में पसरा मातम

गुलाब पाल अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और अगले साल मई में उसका विवाह होना तय था। लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। युवक की हत्या से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि मामले का खुलासा करने के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तेरहवीं कार्यक्रम से लौटने के दौरान गुलाब के साथ कौन-कौन था और पंचायत भवन के पास उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हत्या का कारण सामने नहीं आया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

    Home Trending Shorts Stories Join Now