Jaunpur News: जौनपुर में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाई गई

जौनपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर यातायात पुलिस ने सोमवार को अतिक्रम...


जौनपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर यातायात पुलिस ने सोमवार को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व यातायात प्रभारी ने किया, जिसमें शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को प्राथमिकता दी गई।

अभियान के दौरान चौरा माता मंदिर, ओलंदगंज, शाही पुल, कोतवाली तिराहा, सब्जी मंडी तथा सूतहट्टी से भंडारी मार्ग तक सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों को हटवाया गया। इसके अलावा फुटपाथ पर लगाए गए ठेला-खोमचा और अस्थायी दुकानों को भी हटाकर आवागमन के लिए रास्ता खाली कराया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।

यातायात पुलिस ने हाईवे और शहर क्षेत्र में चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर आगे और पीछे रेट्रो-रिफ्लेक्टर टेप लगवाया, ताकि रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस दौरान वाहन चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग की अपील की गई।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है, ताकि शहर में जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके।

    Home Trending Shorts Stories Join Now