Jaunpur News: मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, जौनपुर में पांच आरोपी गिरफ्तार

Jaunpur News: Gang stealing from temples busted; five accused arrested in Jaunpur.

Jaunpur News: Gang stealing from temples busted; five accused arrested in Jaunpur.

जौनपुर।
मंदिरों से मूर्ति और घंटे चोरी करने वाले गिरोह का लाइन बाजार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। लाइन बाजार पुलिस, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की पीली धातु की तीन मूर्तियों के साथ विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए कुल 26 घंटे बरामद किए गए हैं। चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त सफेद रंग की KIA Sonet कार भी पुलिस ने बरामद की है।

पवारा से चोरी हुईं श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की मूर्तियां बरामद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि संयुक्त पुलिस टीम ने 2 सितंबर की सुबह कुम्भापुर गांव के पास पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की पीली धातु की तीनों मूर्तियां थाना पवारा में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित हैं।

वहीं, मीरगंज थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों से संबंधित तीन मंदिरों के घंटे और लाइन बाजार थाना क्षेत्र में दर्ज मामले से संबंधित दो घंटे भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए छोटे-बड़े 21 अन्य घंटे भी पुलिस ने बरामद किए। पुलिस के अनुसार, इस तरह कुल 26 मंदिर के घंटे बरामद हुए हैं।

कार से करते थे चोरी की वारदात, पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त सफेद रंग की KIA Sonet कार भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन (32), ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी (25), रोहित गुप्ता (26), रामबाबू जायसवाल (45) और रोहित गुप्ता (30) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी जौनपुर जनपद के अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर मीरगंज, पवारा और लाइन बाजार थाना क्षेत्रों में हुई मंदिर चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में लाइन बाजार थाना प्रभारी के.के. सिंह, स्वाट प्रभारी बजुवेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी प्रवीण यादव, सर्विलांस सेल की टीम समेत लाइन बाजार थाना और टीडी कॉलेज चौकी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now