Jaunpur News: लापता व्यक्ति का नहर में मिला शव, भूमि विवाद में अपहरण के बाद हत्या का आरोप

Jaunpur News: लापता व्यक्ति का नहर में मिला शव, भूमि विवाद में अपहरण के बाद हत्या का आरोप

जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के थलोई (हरनहनिया) गांव निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पांच दिन से लापता चल रहे व्यक्ति का शव गुरुवार को महराजगंज थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव के पास नहर से बरामद हुआ। मृतक के परिजनों ने भूमि विवाद को घटना की वजह बताते हुए अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, थलोई (हरनहनिया) गांव निवासी 49 वर्षीय अशोक कुमार पटेल 1 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने मछलीशहर कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

गुरुवार को महराजगंज थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव के पास नहर में एक शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान अशोक कुमार पटेल के रूप में हुई। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मछलीशहर कोतवाली पहुंच गए, जहां उन्होंने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर करीब एक घंटे से अधिक समय तक हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पुत्र आकाश कुमार पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके परिवार का पड़ोसियों से लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। आरोप है कि विपक्षी पक्ष की रिश्तेदारी महराजगंज थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव में है। इसी रंजिश के चलते विपक्षी पक्ष ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर साजिश रची, उनके पिता का अपहरण कर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नहर में फेंक दिया। तहरीर में ईश्वर लाल, उनकी पत्नी फूलकली, पुत्र अंकित, अमरेंद्र पटेल, कविता सहित अन्य लोगों को नामजद किया गया है। 

मछलीशहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now