जौनपुर में स्कूल वैन हादसा: खाई में पलटी वैन, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल, एक छात्र की हालत गंभीर

जौनपुर में स्कूल वैन हादसा: खाई में पलटी वैन, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल, एक छात्र की हालत गंभीर

जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेलवार स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल की वैन सड़क किनारे खाई (खंती) में पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार, एस.एस. पब्लिक स्कूल की वैन बुधवार सुबह करीब 10 बजे शिवरिया, बालामऊ और कुन्दहा गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। रास्ते में एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वैन सड़क किनारे खंती में जा पलटी। बताया जा रहा है कि वैन में लगभग 18 से 20 बच्चे सवार थे, जबकि वाहन की निर्धारित क्षमता केवल 8 से 10 बच्चों की थी।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने वैन के शीशे तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सुजानगंज थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुजानगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

घायलों में 5 वर्षीय अभी यादव, पुत्र कल्लू यादव, की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। बताया गया कि उस समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, जिसके चलते थाना प्रभारी सुजानगंज अमित कुमार पाण्डेय स्वयं अपने सरकारी वाहन से गंभीर रूप से घायल बच्चे को उपचार के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए।

हादसे में शिक्षिका संध्या यादव तथा छात्रा श्रेजा यादव भी गंभीर रूप से घायल हुईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुनीत कश्यप ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर अभिभावकों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि कई निजी विद्यालयों के वाहन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते और निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर संचालन करते हैं, जिससे इस तरह के हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे स्कूल वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घायल बच्चों के नाम

  • श्रेजा यादव, पुत्री सचिन्द्र यादव (लगभग 11 वर्ष) – कक्षा 4
  • अक्षरा यादव, पुत्री संदीप यादव (लगभग 10 वर्ष) – कक्षा 3
  • अनन्या यादव, पुत्री कल्लू यादव (लगभग 7 वर्ष) – यूकेजी
  • सान्वी यादव, पुत्री वीरेंद्र यादव (लगभग 6 वर्ष) – एलकेजी
  • सुहानी, पुत्री वीरेंद्र (लगभग 13 वर्ष) – कक्षा 6
  • उन्नति, पुत्री संदीप (लगभग 13 वर्ष) – कक्षा 7
  • आयुषी यादव, पुत्री कुलदीप (लगभग 12 वर्ष) – कक्षा 4

अन्य घायल बच्चों का भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया।

वीडियो देखने के लिए यहा क्लिक करेंhttps://youtube.com/shorts/7AjYc2Vmp8M?si=-Ndvrvs826csrIQ_

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now