Jaunpur News: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला, पति समेत सात लोगों पर मुकदमा दर्ज

Jaunpur News
सांकेतिक तस्वीर

जौनपुर। जिले में दहेज में पांच लाख रुपये, बुलेट और अन्य सामान की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर जफराबाद पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

दहेज में पांच लाख और बुलेट की मांग, विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप 

जानकारी के मुताबिक, मिसिरपुर गांव निवासी सभाजीत यादव की पुत्री कुसुम यादव की शादी कुछ वर्ष पूर्व क्षेत्र के किरतापुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव पुत्र जियाराम यादव के साथ हुई थी। कुसुम का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये, बुलेट और अन्य सामान की लगातार मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।

बच्चे की मौत के बाद गायब करने का आरोप, ससुराल पर गंभीर आरोप 

पीड़िता के मुताबिक उसने ससुराल पक्ष के लोगों से कहा कि उसके पिता अब अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थ हैं। आरोप है कि इसके बाद पति धर्मेंद्र यादव, सास कमला देवी, ससुर जियाराम यादव, जेठानी प्रीति व रीना तथा जेठ लालचंद यादव और हरिश्चंद्र यादव ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकालने लगे। कुसुम ने यह भी आरोप लगाया कि उसे खाना तक नहीं दिया जा रहा था, जिसके बाद वह मायके चली गई। 

कुसुम ने एक गंभीर आरोप यह भी लगाया है कि पूर्व में अस्पताल में उसके एक पुत्र का जन्म हुआ था। उसके मुताबिक ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे बच्चा दिखाने से मना कर दिया और बताया कि बच्चा आईसीयू में भर्ती है। बाद में परिजनों ने बच्चे की मौत होने की जानकारी दी। पीड़िता ने बच्चे को गायब कर दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज

पीड़िता के अनुसार, 07 अगस्त को वह दोबारा अपने ससुराल पहुंची, जहां पति, सास-ससुर समेत अन्य लोगों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उसे घर से भगाने का प्रयास किया। आरोप है कि सास ने उसके साथ मारपीट भी की।

थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच जारी है। 

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now