जौनपुर में ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
![]() |
| 22 वर्षीय युवक की मौत |
रासीपुर गांव निवासी अनुज कुमार यादव (22) पुत्र स्वर्गीय शंकर यादव नौकरी की तैयारी कर रहा था। बताया गया कि मंगलवार सुबह वह किसी काम से जलालपुर बाजार जाने के लिए निकला था। इसी दौरान बाकराबाद और इजरी गांव के बीच रेलवे लाइन के किनारे वह शौच के लिए चला गया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान रेलवे लाइन से गुजर रही ट्रेन की चपेट में अनुज आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यूपी पुलिस में तैनात है बड़ा भाई
अनुज कुमार यादव के बड़े भाई अभिमय यादव बाराबंकी में यूपी पुलिस के जवान के रूप में तैनात हैं। छोटे भाई की हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेटे की मौत से मां इंद्रावती सदमे में हैं और बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि अनुज नौकरी की तैयारी कर रहा था और अपने भविष्य को लेकर मेहनत कर रहा था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
घटना के बाद से रासीपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
