CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचीं सांसद प्रिया सरोज, युवाओं के संघर्ष को दिया समर्थन

हुबलाल यादव   नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का विरोध प्रदर्शन पिछले 24 दिनों से जारी है। नीट समेत विभिन्न प...

CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचीं सांसद प्रिया सरोज, युवाओं के संघर्ष को दिया समर्थन
हुबलाल यादव 

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का विरोध प्रदर्शन पिछले 24 दिनों से जारी है। नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन में शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

मंगलवार, 14 जुलाई को समाजवादी पार्टी की मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज जंतर-मंतर पहुंचीं और CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई। प्रदर्शन में मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए प्रिया सरोज ने कहा कि वह यहां खुद को सांसद समझकर नहीं, बल्कि एक युवा के रूप में आई हैं। उन्होंने कहा कि आज वह युवाओं के साथ खड़ी हैं और उनके हक की लड़ाई में उनका समर्थन करती रहेंगी। प्रिया सरोज ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा, रुकना नहीं है, अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहना है। मैं युवाओं से जुड़े इस मुद्दे को संसद में भी उठाऊंगी और उनकी आवाज सदन तक पहुंचाऊंगी।

जिसे कमजोर समझा, वही इतिहास बनाता है

उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जिस व्यक्ति को कमजोर समझा जाता है, वही आगे चलकर बदलाव का आईना बनता है। इसलिए युवाओं को निराश होने के बजाय अपनी मांगों और अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाते रहना चाहिए। पेपर लीक के मुद्दे पर प्रिया सरोज ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा रद्द होने का मामला नहीं है। इससे लाखों युवाओं की उम्मीदें, वर्षों की मेहनत और उनका भविष्य प्रभावित होता है। जब व्यवस्था युवाओं के साथ न्याय करने में विफल हो जाए, तब उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाना जिम्मेदारी बन जाती है। CJP की ओर से नीट और अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध जताया जा रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जा रही है।

कौन है प्रिया सरोज

प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ते हुए जीत हासिल की थी। उनके पिता तूफानी सरोज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और तीन बार के पूर्व सांसद हैं। वर्तमान में वह जौनपुर की केराकत विधानसभा सीट से विधायक हैं।

8 जून 2025 में सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई हुई थी। लखनऊ में आयोजित सगाई समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव समेत राजनीति और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुई थीं।

    Home Trending Shorts Stories Join Now