बदलापुर से सपा टिकट की दौड़ तेज, संगीता यादव समेत कई दिग्गजों की मजबूत दावेदारी
संगीता यादव इससे पूर्व 2019 में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के टिकट पर जौनपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। वर्तमान में समाजवादी पार्टी में सक्रिय रहते हुए वह संगठन को मजबूत करने के साथ ही गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रही हैं। खासकर महिला मतदाताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में संगीता यादव को अक्सर महिलाओं के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनते, उनके साथ पूड़ी बेलते, रोटी बनाते तथा लोकगीत और पारंपरिक गीत गाते हुए देखा जाता है। आम लोगों के बीच उनकी सहज और आत्मीय कार्यशैली ने उन्हें महिलाओं के बीच अलग पहचान दिलाई है। वह सामाजिक, पारिवारिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में भी लगातार सहभागिता निभाती रहती हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगीता यादव लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़ी रही हैं और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा भी उनकी राजनीतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार रही है। इसी कारण बदलापुर सीट पर उनकी दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है।
हालांकि, समाजवादी पार्टी से टिकट की दौड़ में पूर्व विधायक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक राजनारायण बिंद, पार्टी के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, एमएलसी लल्लन प्रसाद यादव के पुत्र राजन यादव तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीनानाथ सिंह, पिछडा वर्ग सपा जिलाध्यक्ष श्यामनारायण बिंद व श्रीमती जयन्ती यादव के नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। सभी संभावित दावेदार पार्टी के पीडीए अभियान के तहत गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं तथा संगठन के निर्देशानुसार जनता के बीच पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने में जुटे हैं।
सभी दावेदारों का कहना है कि समाजवादी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व जिसे भी बदलापुर से प्रत्याशी घोषित करेगा, वह पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ उसके समर्थन में चुनाव लड़ेंगे और भारी बहुमत से जीत दिलाने का प्रयास करेंगे। अब निगाहें पार्टी नेतृत्व के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं, जो बदलापुर विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबले की दिशा तय करेगा।
.jpg)