जौनपुर में लाखों की चोरी, गहने और नकदी लेकर फरार हुए चोर, जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, अतरही गांव निवासी सुभाष सिंह का परिवार रविवार रात रोज की तरह भोजन करने के बाद करीब 11 बजे घर के बरामदे में सो गया था। सुबह जब सुभाष सिंह की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे के ताले टूटे हुए हैं। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी और लॉकर भी टूटे पड़े थे तथा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था।
अलमारी और लॉकर तोड़कर ले गए जेवरात
पीड़ित के मुताबिक चोरों ने अलमारी और लॉकर को निशाना बनाते हुए उसमें रखे सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरी हुए सामान में एक सोने की चेन, एक मांगटीका, एक सोने की अंगूठी, दो सेट पायल तथा 600 रुपये नकद शामिल हैं। नकदी शर्ट की जेब में रखी हुई थी, जिसे भी चोर अपने साथ ले गए।
घर का सामान बिखेरा, बेड और बिस्तर भी किए क्षतिग्रस्त
सुभाष सिंह ने बताया कि चोरों ने घर के भीतर काफी देर तक वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कमरे का पूरा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया, बेड को नुकसान पहुंचाया और रजाई-गद्दों को भी फाड़ डाला। घटनास्थल की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी समय तक घर के भीतर मौजूद रहे।
सूचना मिलते ही जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल डायल 112 और सरायख्वाजा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
.webp)