जौनपुर में जमीन विवाद से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद से परेशान एक युवक सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। मामला उतरीजपुर गांव क...

जौनपुर में जमीन विवाद से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद से परेशान एक युवक सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। मामला उतरीजपुर गांव का है, जहां युवक ने अपनी जमीन के गलत सीमांकन का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि विशेषरपुर (साईनाथ) निवासी करीब 30 वर्षीय श्रीप्रकाश यादव, पुत्र राजाराम यादव, काफी समय से जमीन विवाद को लेकर परेशान था। युवक का आरोप है कि गाटा संख्या 250 की जमीन का गलत तरीके से सीमांकन किया जा रहा है और उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश हो रही है।

युवक को टावर पर देख गांव में जुट गई भीड़

मोबाइल टावर पर युवक के चढ़ने की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोग और गांव वाले लगातार युवक को नीचे उतरने के लिए मनाते रहे, लेकिन वह अपनी मांगों को लेकर अड़ा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक करीब तीन घंटे तक तेज धूप में टावर पर बैठा रहा। इस दौरान उसने राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। युवक का कहना था कि जब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं आएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा।

अधिकारियों का करता रहा इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा।

खबर लिखे जाने तक कोई बड़ा अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा था और युवक अब भी टावर पर मौजूद था। वहीं मौके पर लोगों की भारी भीड़ लगी रही। पूरे इलाके में तनाव जैसा माहौल बना रहा और हर कोई युवक के सुरक्षित नीचे उतरने का इंतजार करता दिखाई दिया।

    Home Trending Shorts Stories Join Now