जौनपुर में 43 डिग्री की तपिश ने बढ़ाई मुश्किलें, बिजली कटौती से लोग बेहाल, अगले 3-4 दिनों तक राहत के आसार नहीं

जौनपुर में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जि...

जौनपुर में 43 डिग्री की तपिश ने बढ़ाई मुश्किलें

जौनपुर में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके बाद पूरे शहर और ग्रामीण इलाकों में लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। ऊपर से अघोषित बिजली कटौती ने हालात और मुश्किल कर दिए हैं।

नगर से लेकर गांव तक बिजली व्यवस्था चरमराई हुई दिखाई दे रही है। लोग दिन और रात दोनों समय बिजली की आंखमिचौली से परेशान हैं। शासन और प्रशासन की सख्त हिदायतों के बावजूद बिजली विभाग व्यवस्था सुधारने में नाकाम साबित हो रहा है।

दिनभर चली गर्म हवाएं, दोपहर में सूनी रहीं सड़कें

तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी की वजह से लोग दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे सिर और चेहरा पूरी तरह ढककर चलते नजर आए। सुबह करीब नौ बजे के बाद से ही सूरज ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। मौसम की मार इतनी ज्यादा रही कि करीब आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग सुनसान दिखाई दीं।

रात में भी नहीं मिल रही राहत

गर्मी का असर सिर्फ दिन में ही नहीं बल्कि रात में भी महसूस किया जा रहा है। रात के समय भी तापमान में खास गिरावट नहीं होने से लोग उमस और गर्मी से परेशान रहे। राज्य मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। यानी आने वाले दिनों में भी लोगों को भीषण गर्मी और तपिश का सामना करना पड़ सकता है।

    Home Trending Shorts Stories Join Now