जौनपुर में बड़ी चोरी: खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, 20 लाख के जेवर और 60 हजार नकद लेकर फरार

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव में सोमवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और...और पढ़ें

जौनपुर में बड़ी चोरी: खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, 20 लाख के जेवर और 60 हजार नकद लेकर फरार

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव में सोमवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए चोर 

जानकारी के अनुसार पोटरिया गांव निवासी राममिलन विश्वकर्मा पुत्र कमलाकांत विश्वकर्मा के परिवार के अधिकांश सदस्य सोमवार रात घर की छत पर सो रहे थे, जबकि वृद्ध कमलाकांत विश्वकर्मा घर के सामने सोए हुए थे। इसी दौरान देर रात चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने घर में रखी गोदरेज की बड़ी अलमारी उठा ली और उसे घर से बाहर ले गए। बताया जा रहा है कि चोर अलमारी को गांव के बाहर स्थित कमरुद्दीन के खेत में ले गए, जहां उसे तोड़कर उसमें रखे जेवर और नकदी निकाल लिए। मंगलवार सुबह खेत में टूटी हुई अलमारी मिलने के बाद चोरी की घटना का पता चला। सूचना फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

 20 लाख के जेवर और 60 हजार नकद लेकर फरार

पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर दो सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने का झुमका, दो जोड़ी सोने की बाली, दो जोड़ी सोने का झाला, एक सोने का बाला, दो जोड़ी पायल, सात जोड़ी मीना समेत करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। परिवार का कहना है कि चोरी हुए अधिकांश जेवर शादी-विवाह और वर्षों की जमा पूंजी के रूप में संभालकर रखे गए थे। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।

तलाश में जुटी पुलिस 

मामले की सूचना पर सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

इधर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन हो रही चोरियों के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है, जिससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का भरोसा दिया है।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now