Jaunpur News: कुएं में मिला 18 साल की युवती का शव, गांव में मचा हड़कंप, 2 दिन से थी लापता
जानकारी के मुताबिक, धनुहा गांव निवासी राधेश्याम सरोज की 18 वर्षीय पुत्री निधि सरोज बीते 22 मई, शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे घर से निकली थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चला। बाद में परिवार वालों ने रामपुर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक पुराने सुनसान कुएं पर पड़ी, जहां युवती का शव उतराया हुआ दिखाई दिया। शव दिखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सूचना पर रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
.webp)