जौनपुर में भाजपा नेता की स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर फोरलेन जाम किया
जानकारी के मुताबिक, मुरादपुर स्थित विद्युत पावर हाउस के पास फोरलेन पर यह हादसा हुआ। बाइक सवार दोनों युवक रोज की तरह मजदूरी करने जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। हादसे में पट्टी दयाल गांव निवासी चंचल उर्फ अट्टू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथी विनोद उर्फ नारद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन हादसे से नाराज ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक के शव को फोरलेन सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीण आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पूरा मामला बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादपुर का बताया जा रहा है।
.webp)