जौनपुर में चलती बाइक बनी आग का गोला, बाजार के बीच मची अफरा-तफरी, युवक ने कूदकर बचाई जान

चलती बाइक बनी आग का गोला जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती बाइक में अचा...

चलती बाइक बनी आग का गोला
चलती बाइक बनी आग का गोला


जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती बाइक में अचानक आग लग गई। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बाजार के बीच हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। हालांकि समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई

जानकारी के अनुसार ईसापुर गांव निवासी अनुज बिंद, पुत्र गणेश बिंद, अपनी हीरो कंपनी की बाइक संख्या यूपी 44 एल 8225 से शाहगंज जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वह सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार पहुंचे, बाइक की टंकी और हैंडल के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकेंड में तेज लपटें उठीं और बाइक धू-धू कर जलने लगी। स्थिति बिगड़ती देख अनुज बिंद ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोग भी घबरा गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

जन सेवा केंद्र संचालक की सूझबूझ से बुझी आग

घटना के दौरान मौके पर मौजूद बैंक से संबद्ध सहज जन सेवा केंद्र संचालक कृष्णा कुमार अग्रहरि ने तत्परता दिखाई। उन्होंने अपने केंद्र में रखे अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास की दुकानों और लोगों को बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद लोगों ने कृष्णा कुमार अग्रहरि की जमकर सराहना की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक में शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल रिसाव की वजह से आग लगी हो सकती है। वहीं कई लोग भीषण गर्मी को भी हादसे की एक वजह मान रहे हैं। 

हैरानी की बात यह रही कि घटना स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ मौजूद होने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर भी स्थानीय लोगों में चर्चा बनी रही।

    Home Trending Shorts Stories Join Now