जौनपुर में बड़ा हादसा: 11000 वोल्ट लाइन पर काम कर रहे संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बरेठी गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान संविदा...और पढ़ें

जौनपुर में बड़ा हादसा

जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बरेठी गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान संविदा लाइनमैन अशोक यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक यादव शनिवार शाम करीब छह बजे 11000 वोल्ट की मुख्य विद्युत लाइन की मरम्मत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराकर काम शुरू किया था। इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई और वह तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही अशोक यादव बिजली के पोल से नीचे सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताने लगे।

दो बेटों के सिर से उठ गया पिता का साया

अशोक यादव अपने पीछे दो बेटों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीण बोले- सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे अधिकारी

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की जानकारी तुरंत बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी, जूनियर इंजीनियर और अधिशासी अभियंता को दे दी गई थी, लेकिन करीब तीन घंटे बीत जाने के बाद भी कोई विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया गया होता, तो शायद अशोक यादव की जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने बताया कि वह काफी अनुभवी लाइनमैन थे और कई वर्षों से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार, बरसठी थाना प्रभारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से लिखित शिकायत देने को कहा। साथ ही आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।

मृतक के परिजन और स्थानीय लोग लापरवाह बिजली कर्मियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की जा रही है। फिलहाल गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now