जौनपुर में दूल्हा हत्याकांड का आरोपी रवि पुलिस एनकाउंटर में ढेर, थाना प्रभारी घायल
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि यादव अपने एक साथी के साथ बाइक से इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस, एसआईटी और क्षेत्राधिकारी की टीम को सक्रिय कर गोरारी मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल रवि को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बारात में घुसकर दूल्हे की कर दी गई थी हत्या
यह मामला 1 मई को हुए सनसनीखेज दूल्हा हत्याकांड से जुड़ा है। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी 22 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा बीबीपुर गांव में तय हुई थी। शादी के दिन आजाद बिंद बारात लेकर दूल्हा बनकर निकला था। जब बारात मनेछा बादशाही के पास पहुंची, तभी बाइक सवार बदमाश कार के बराबर आ गए और दूल्हे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में आजाद बिंद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुल्हन के रिश्तेदारों पर लगा साजिश का आरोप
घटना की जांच में पुलिस को पता चला कि इस हत्याकांड की साजिश दुल्हन पक्ष से जुड़े कुछ लोगों ने रची थी। पुलिस ने दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बताया गया कि रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से नाराज था। मुख्य आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस ने तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। इसके बाद एसआईटी और एसटीएफ लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
कई आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस अब तक कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि कुछ लोगों ने आरोपियों को शरण देने और वारदात में मदद करने का काम किया था। वहीं मृतक दूल्हे के परिजन लगातार पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगा रहे थे और एनकाउंटर व बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि रवि यादव के एनकाउंटर के बाद अब फरार चल रहे अन्य आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
.jpg)