जौनपुर में चुनावी हलचल तेज, पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह के मैदान में उतरने की चर्चा
इसी क्रम में जफराबाद विधानसभा क्षेत्र से पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह के चुनाव लड़ने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेजी से होने लगी है। माना जा रहा है कि अभिषेक सिंह भारतीय जनता पार्टी या उसकी सहयोगी किसी पार्टी से टिकट लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं।
चर्चा है कि, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तथा उसके सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं से उनके अच्छे संबंध हैं। ऐसे में जफराबाद सीट से उनकी संभावित दावेदारी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि इस सीट से कई अन्य नेता भी टिकट पाने की कोशिश में सक्रिय बताए जा रहे हैं। वहीं यह भी चर्चा है कि अभिषेक सिंह शाहगंज विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर सकते हैं।
जानिए कौन हैं पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह
अभिषेक सिंह मूल रूप से जौनपुर जनपद के टुसौरी गांव के निवासी हैं। उन्होंने देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा पास कर वर्ष 2010 बैच में उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की थी। कुछ समय प्रशासनिक सेवा में कार्य करने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
नौकरी छोड़ने के बाद अभिषेक सिंह ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने चर्चित वेब सीरीज Delhi Crime के दूसरे सीजन में अभिनय किया है। इसके अलावा वह कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुके हैं। अभिषेक सिंह के पिता कृपा शंकर सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (पीपीएस) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उनकी पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल (Durga Shakti Nagpal) वर्तमान में आईएएस अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं और अपने प्रशासनिक कार्यों को लेकर देशभर में चर्चा में रह चुकी हैं।
पिछले कुछ समय से अभिषेक सिंह जौनपुर जिले में सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद उनके राजनीति में सक्रिय होने और आगामी विधानसभा चुनाव में उतरने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
.webp)