जौनपुर में सरायपड़री फायरिंग कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश गिरफ्तार, अवैध असलहा बरामद

पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश गिरफ्तार जौनपुर। थाना सुजानगंज क्षेत्र के ग्राम सरायपड़री में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठ...

जौनपुर में सरायपड़री फायरिंग कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश गिरफ्तार, अवैध असलहा बरामद
पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश गिरफ्तार

जौनपुर। थाना सुजानगंज क्षेत्र के ग्राम सरायपड़री में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चन्द्र तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना महराजगंज व सुजानगंज की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

मिली जानकारी के अनुसार, सरायपड़री निवासी अनुज मिश्रा ने थाना सुजानगंज में तहरीर देकर बताया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस संबंध में थाना सुजानगंज में मुकदमा संख्या 84/26 धारा 352/351(2)/109(1)/3(5) बीएनएस व 7 सीएलए के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के अनावरण के दौरान 21 मार्च को थाना महराजगंज पुलिस टीम भोगीपुर-कठार के पास प्रतापगढ़ बॉर्डर पर संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो बदमाश मोटरसाइकिल से भागते हुए प्रतापगढ़ की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बारिश और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।

पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर एक बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी फायर किया गया, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। दूसरे बदमाश को भी पुलिस टीम ने खेत से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम प्रतीक दूबे उर्फ अनुज पुत्र रामप्रकाश दूबे उर्फ मुन्ना दूबे तथा विनय दूबे पुत्र स्वर्गीय गोपाल दूबे निवासी ग्राम बिझवट थाना महराजगंज जनपद जौनपुर बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस .32 बोर, एक खोखा कारतूस .32 बोर, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा एक मोटरसाइकिल टीवीएस अपाची (UP 62 CJ 1136) बरामद की गई।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 20 मार्च को उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ शराब के नशे में सरायपड़री व पड़री चौराहे पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। पुलिस को देखकर वे भाग रहे थे, लेकिन पकड़ लिए गए। उन्होंने यह भी बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उसी घटना में प्रयोग की गई थी।

पुलिस के अनुसार इस घटना में सचिन पाठक उर्फ गब्बर, विकास यादव समेत अन्य अज्ञात लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    Home Trending Shorts Stories Join Now