Jaunpur News: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौ तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल, एक साथी फरार

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौ तस्कर गिरफ्तार जौनपुर। जनपद के थाना मीरगंज और थाना मछलीशहर की संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में...

Jaunpur News: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौ तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल, एक साथी फरार
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौ तस्कर गिरफ्तार

जौनपुर। जनपद के थाना मीरगंज और थाना मछलीशहर की संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय गौ तस्करी में लिप्त 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतीश कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। घटना 22 मार्च 2026 की रात लगभग 10:45 बजे की है, जब थाना मीरगंज पुलिस गोधना बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बंधवा बाजार की ओर से दो बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर जंघई की तरफ भाग रहे हैं, जिनका पीछा मछलीशहर पुलिस कर रही है।

सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। ग्राम सभा चौकी खुर्द के पास चिताव-भटेवरा मार्ग पर पुलिस टीम ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान आरिफ पुत्र मैनुद्दीन निवासी लमहन थाना महाराजगंज, जनपद जौनपुर (उम्र करीब 32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 0.315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आरिफ थाना मीरगंज के मुकदमा संख्या 121/2025 और 127/2025 सहित कई मामलों में वांछित था। इसके अलावा थाना मछलीशहर के एक अन्य मामले में भी उसकी तलाश थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 

आरिफ का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ जौनपुर सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।

    Home Trending Shorts Stories Join Now