हाईटेंशन तार की चपेट में तीन: जौनपुर में टीन शेड लगाते समय प्रवक्ता, बेटा और मिस्त्री झुलसे, ट्रॉमा सेंटर रेफर

जफराबाद (जौनपुर)। जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास बनी कॉलोनी के बीच से गुजर रहा 33 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गुरुवार को हादस...

जौनपुर

जफराबाद (जौनपुर)।
जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास बनी कॉलोनी के बीच से गुजर रहा 33 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गुरुवार को हादसे का कारण बन गया। टीन शेड लगाते समय तार की चपेट में आने से तिलकधारी विधि महाविद्यालय के प्रवक्ता ज्ञान प्रकाश सिंह, उनके 18 वर्षीय पुत्र प्रांजल सिंह और मिस्त्री महेंद्र कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश है।

टीन शेड लगाते समय हाईटेंशन तार से हुआ संपर्क

कॉलोनी में करीब 20 से 25 मकान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन को अंडरग्राउंड कराने अथवा आबादी से बाहर स्थानांतरित करने के लिए कई बार विद्युत विभाग को लिखित और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

गुरुवार को ज्ञान प्रकाश सिंह अपने मकान के सामने टीन शेड लगवा रहे थे। उनके पुत्र प्रांजल और मिस्त्री महेंद्र भी काम में लगे थे। इसी दौरान टीन शेड ऊपर से गुजर रहे 33 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही तीनों झुलसने लगे और शरीर से चिंगारी निकलने के साथ आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद युवकों ने बांस और डंडे की सहायता से किसी तरह तीनों को तार से अलग किया।

प्रवक्ता की हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर

गंभीर रूप से झुलसे ज्ञान प्रकाश सिंह के हाथ-पैर में गंभीर चोट आई। उपचार के दौरान ऑपरेशन के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। प्रांजल सिंह और महेंद्र कुमार का जौनपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पहले भी दो बार टूटकर गिर चुका है हाईटेंशन तार

स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त हाईटेंशन तार पहले भी दो बार टूटकर कॉलोनी में गिर चुका है। उस समय भी तेज चिंगारी और आग की लपटें उठी थीं। लोगों ने जिलाधिकारी से लाइन को अंडरग्राउंड कराने, पर्याप्त ऊंचाई पर ले जाने या आबादी से बाहर स्थानांतरित कराने की मांग की है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी जनहानि हो सकती है।

    Home Trending Shorts Stories Join Now