जौनपुर में नवदंपती की संदिग्ध मौत, बेड पर पत्नी का शव तो फंदे से लटका मिला पति

Suspicious deaths of newlywed couple in Jaunpur: Wife's body found on bed, husband found hanging.

Jaunpur News
खुटहन (जौनपुर)। तिसौली गांव में बुधवार की रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद गुरुवार सुबह नवदंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। कमरे का दरवाजा खुला तो बेड पर 20 वर्षीय नेहा का शव पड़ा था, जबकि उसके पति 22 वर्षीय गोविंद गौतम का शव दुपट्टे के फंदे से लटक रहा था। एक ही कमरे में दो शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी मिठाईलाल के पुत्र गोविंद गौतम की शादी गत 10 मई को नेहा के साथ हुई थी। दोनों की शादी को अभी तीन माह ही हुए थे। ग्रामीणों के अनुसार, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। विवाद के चलते नेहा के कई बार मायके चले जाने की भी बात सामने आई है।

बताया जाता है कि बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों रात में अपने कमरे में चले गए। सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई। आवाज लगाने के बावजूद भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। नेहा का शव बेड पर पड़ा था और गोविंद का शव फंदे से लटक रहा था।

पति-पत्नी की मौत की परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्नी की मौत कैसे हुई और उसके बाद गोविंद ने फंदा क्यों लगाया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत से पहले हुए विवाद को भी जांच के दायरे में रखा गया है।घर में गोविंद के पिता मिठाईलाल रहते हैं। उसका छोटा भाई धर्मेंद्र परदेश में है। गोविंद की मां का पहले ही निधन हो चुका है। नवदंपती की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 

थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now