Kaushambi News: पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में 50 हजार के ईनामी आरोपी से हुई मुठभेड़

कौशाम्बी। पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में बीते 31 अगस्त को हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इना...

Kaushambi News

कौशाम्बी।
पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में बीते 31 अगस्त को हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पिपरी थाने में मुकदमा दर्ज कर छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। मामले में फरार आरोपी शकील पुत्र निजामुद्दीन निवासी महमदपुर मनौरी, थाना पिपरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली कि पटाखा फैक्ट्री से संबंधित मुकदमे का वांछित आरोपी शकील कहीं भागने की फिराक में है। इसके बाद थाना मंझनपुर और एसओजी की टीम ने चेकिंग अभियान शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक दीवार कोठारी क्षेत्र में नौबस्ता गांव जाने वाले मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित रूप से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस 315 बोर, 1000 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के लिए अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री बनाने और भंडारण का काम महमदपुर मनौरी में पावर हाउस के पास बने गोदाम में करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पिपरी थाने में विस्फोटक अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना मंझनपुर पुलिस और एसओजी टीम शामिल रही।

    Home Trending Shorts Stories Join Now