Jaunpur News: जौनपुर सिटी स्टेशन पर सुहेलदेव सुपर फास्ट के ठहराव को मिली मंजूरी

Jaunpur News: Halt for Suheldev Superfast at Jaunpur City Station approved.

Jaunpur News

राज्यमंत्री का प्रयास रहा सफल, रेल मंत्री का जताया आभार

जौनपुर। जौनपुरवासियों की लम्बे समय से चली आ रही मांग को बड़ी सौगात मिली है। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22419/22420 गाजीपुर सिटी–आनन्द विहार टर्मिनल सुहेलदेव सुपर फास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से जौनपुर सहित आस-पास के जनपदों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव का प्रयास सफल रहा। 

राज्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जौनपुर सिटी स्टेशन पर सुहेलदेव सुपर फास्ट एक्सप्रेस का ठहराव जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस ट्रेन के ठहराव से दिल्ली, पूर्वांचल सहित विभिन्न प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरी-पेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों सहित अन्य यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जौनपुर के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिये केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरन्तर प्रयासरत है। रेलवे से जुड़ी सुविधाओं में विस्तार होने से न केवल यात्रियों की परेशानी कम होगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। 

सुहेलदेव सुपर फास्ट एक्सप्रेस के ठहराव से जौनपुर के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अधिक सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध होगा। राज्यमंत्री ने इस जनहितकारी निर्णय के लिये केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति जौनपुर की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा जौनपुर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय क्षेत्र के लोगों के लिये अत्यन्त महत्वपूर्ण है। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव जिले के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इससे जौनपुर सहित आस-पास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुगम, तेज एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों के लिये केंद्र सरकार के सहयोग से भविष्य में भी प्रयास जारी रहेंगे।
पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now