Jaunpur News: सावन में बढ़ी मशरूम की डिमांड, दाम 225 रुपये किलो तक पहुंचे
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। सावन महीने में पूजा-पाठ के चलते कई लोगों के घरों में नॉनवेज बनना बंद हो गया है। ऐसे में नॉनवेज के विकल्प के तौर ...
थोक भाव 200 से 225 रुपये किलो पहुंचा
मुंगराबादशाहपुर सब्जी मंडी में मशरूम बेचने वालों के मुताबिक, इस समय वे क्वालिटी के अनुसार थोक में मशरूम 200 से 225 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद रहे हैं। जबकि सावन महीने से पहले यही मशरूम थोक में 120 से 160 रुपये प्रति किलो के भाव में उपलब्ध था। यानी सावन शुरू होने के बाद मशरूम के थोक भाव में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है।
मंडी में मशरूम के अलावा पनीर की मांग भी बढ़ी है। हालांकि पनीर में व्यापक मिलावट की खबरों के बीच मसालेदार भोजन पसंद करने वाले कई लोग मशरूम को ही प्राथमिकता दे रहे हैं।
25-30 रुपये का पैकेट अब 50 रुपये में
मंडी में खरीदारी करने आए राजू सिंह और आदित्य प्रजापति ने बताया कि करीब महीने भर पहले 200 ग्राम मशरूम का पैकेट 25 से 30 रुपये में मिल जाता था। उस समय वे घर के लिए 15 से 20 पैकेट मशरूम खरीदकर ले जाते थे। लेकिन अब यही 200 ग्राम का पैकेट 50 रुपये में मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि कीमत बढ़ने के कारण अब उन्होंने सिर्फ छह पैकेट ही खरीदे हैं। वह भी उन्हें केवल एक दुकान पर ही उपलब्ध मिला।
मांग बढ़ने से किसानों को फायदा, खरीदारों की जेब पर असर
मशरूम की बढ़ती मांग से इसकी खेती करने वाले किसानों और उत्पादकों को फायदा मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर कीमत बढ़ने से आम खरीदारों पर इसका असर पड़ रहा है। सावन में नॉनवेज का सेवन कम होने के कारण मशरूम को विकल्प के तौर पर अपनाने से इसकी मांग बढ़ी है, जिसका असर अब बाजार में इसकी कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।
