जौनपुर में दो दर्दनाक हादसे: तालाब में डूबने से किशोर की मौत, ट्रक की चपेट में आकर महिला ने तोड़ा दम

Jaunpur Breaking News

जौनपुर में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में एक किशोर और एक महिला की मौत हो गई। बरसठी थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गए 17 वर्षीय किशोर की डूबने से जान चली गई। वहीं, मुंगराबादशाहपुर में रेलवे फाटक के पास बाइक से गिरने के बाद ट्रक की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।

तालाब में नहाने गया किशोर, देर रात मिला शव

बरसठी थाना क्षेत्र के सिरौली गांव निवासी 17 वर्षीय गोविंदा गौतम शनिवार दोपहर बाद घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तालाब में नहाने गया था। काफी समय बीतने के बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने भी आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन गोविंदा का कोई पता नहीं चल सका।

रात करीब नौ बजे ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे और अनहोनी की आशंका में तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 11 बजे तालाब से गोविंदा का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गोविंदा दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता कमलेश कुमार गौतम मुंबई में नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां चंद्रकला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत

मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नरायनडीह गांव निवासी अच्छेलाल यादव अपनी 32 वर्षीय पत्नी प्रमीला यादव के साथ बाइक से बाजार गए थे। सामान लेकर दोनों वापस घर लौट रहे थे।

बताया गया कि रेलवे फाटक के पास अच्छेलाल यादव एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बाइक असंतुलित हो गई और पीछे बैठी प्रमीला सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे उनके पति को मामूली चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।

थानाध्यक्ष अश्विनी दूबे ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और घर का माहौल गमगीन हो गया।

जौनपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, डीएम ने दिलाई पंचप्रण की शपथ

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now