जौनपुर में मकान की हिस्सेदारी का विवाद बना जानलेवा, चाचा ने दो भतीजों पर कुल्हाड़ी से किया हमला

जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगांव स्थित हनुमान नगर में मकान की हिस्सेदारी को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने रविवार तड़के हि...

चाचा ने दो भतीजों पर कुल्हाड़ी से किया हमला

जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगांव स्थित हनुमान नगर में मकान की हिस्सेदारी को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने रविवार तड़के हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चाचा ने घर में सो रहे अपने दो भतीजों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके भाई को भी चोटें आई हैं।

घटना रविवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। उस समय राज सिंह और उनके भाई उदय सिंह घर में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके चाचा सुभाष सिंह ने दोनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में राज सिंह को गंभीर चोटें आईं, जबकि उदय सिंह भी घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। राज सिंह की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, उदय सिंह का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

लंबे समय से चल रहा था मकान की हिस्सेदारी का विवाद

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से शाहपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह के दो पुत्र आनंद सिंह और सुभाष सिंह हैं। दोनों भाइयों के परिवार बारीगांव के हनुमान नगर में बने मकान में रहते हैं। बताया जा रहा है कि मकान में हिस्सेदारी को लेकर आनंद सिंह और सुभाष सिंह के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण सुभाष सिंह ने अपने बड़े भाई आनंद सिंह के पुत्रों राज सिंह और उदय सिंह पर हमला किया।

परिवार की महिलाओं ने अन्य लोगों पर भी लगाए आरोप

परिवार की महिलाओं का आरोप है कि घटना के समय सुभाष सिंह की ससुराल से भी कुछ लोग मौके पर पहुंचे थे। बताया गया कि सुभाष सिंह की ससुराल बरसठी थाना क्षेत्र के कानपुर गांव में है। महिलाओं का आरोप है कि वहां से आए कुछ लोगों ने भी हमले में सुभाष सिंह का साथ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Home Trending Shorts Stories Join Now