संदीप सिंह हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, एक करोड़ मुआवजे की उठाई मांग
अजय राय ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए सरकार से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही उन्होंने संदीप सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन इस मामले में केवल दिखावा न करे, बल्कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने खानापूर्ति के लिए कुछ लोगों की गिरफ्तारी तो कर ली है, लेकिन घटना के एक सप्ताह बाद भी शूटरों का पता लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। आए दिन हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार और उसके प्रतिनिधि केवल औपचारिकताएं पूरी करने में लगे हुए हैं।दोपहर करीब सवा दो बजे अजय राय पार्टी पदाधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। वहां उन्होंने संदीप सिंह के बड़े भाई सतीश सिंह से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके अलावा संदीप सिंह के दोनों मासूम बच्चों से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना। वहीं अजय राय ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को गंभीरता से उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।
.jpg)