परिवार वालों ने शराब पीने से मना किया तो युवक ने खुद को लगाई आग, BHU में इलाज के दौरान मौत
जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के देवनाथपुर गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शराब पीने की आदत को लेकर परिवार के लोगों द्वारा समझाए जाने से नाराज 18 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग की चपेट में आने से युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे पहले केराकत सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बीएचयू रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद आग बुझाई। इसके बाद एंबुलेंस से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचाया गया।
12वीं का छात्र था युवक
मृतक की पहचान देवनाथपुर गांव निवासी छोटू विश्वकर्मा (18) के रूप में हुई है। उसके पिता विजय बहादुर विश्वकर्मा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। छोटू परिवार का सबसे छोटा बेटा था और 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, युवक को शराब पीने की लत लग गई थी। परिवार को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उसे शराब से दूर रहने के लिए समझाया। पिता ने भी उसे उसकी पढ़ाई और परिवार की प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए शराब न पीने की सलाह दी थी।
पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग
बताया जा रहा है कि परिवार की ओर से शराब पीने को लेकर रोक-टोक किए जाने के बाद युवक नाराज हो गया। इसी दौरान उसने घर में रखा पेट्रोल अपने ऊपर डाल लिया और आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग घबरा गए और मदद के लिए शोर मचाने लगे।
आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था।
गंभीर हालत में BHU किया गया रेफर
केराकत सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत बेहद गंभीर देखते हुए उसे बीएचयू रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बीएचयू पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की वजह जानने में जुटी पुलिस
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। थानागद्दी चौकी प्रभारी कृष्णानंद यादव के मुताबिक, युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर अमरेंद्र पांडेय ने भी मामले में जांच किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी लेकर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
