शादी की खुशियां मातम में बदलीं, विवाह के 16 दिन बाद युवक की सड़क हादसे में मौत

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बासूपुर अढ़नपुर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी के महज 16 दिन बाद ही...और पढ़ें

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, विवाह के 16 दिन बाद युवक की सड़क हादसे में मौत

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बासूपुर अढ़नपुर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी के महज 16 दिन बाद ही एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई, जिससे घर में पसरी खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। नई दुल्हन के हाथों की मेंहदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि पति की मौत ने उसकी दुनिया उजाड़ दी।

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राम आसरे के 25 वर्षीय पुत्र गोविंद अग्रहरि की शादी 28 अप्रैल को बड़े धूमधाम से हुई थी। परिवार में विवाह की खुशियों का माहौल अभी कायम था। बुधवार रात करीब 10:30 बजे गोविंद बाइक से खुटहन बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सौरइयां गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था।

परिवार का इकलौता सहारा था गोविंद

गोविंद अपने माता-पिता की पांच संतानों में अकेले पुत्र थे। उनकी चार बहनें हैं। परिवार पर पहले ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था, क्योंकि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी मां का बीमारी के चलते निधन हो चुका था। अब बेटे की मौत के बाद पिता राम आसरे पूरी तरह टूट गए हैं।

बताया गया कि गोविंद मुंबई में फल का कारोबार करते थे और उसी से पूरे परिवार का खर्च चलता था। परिवार की जिम्मेदारियां उन्हीं के कंधों पर थीं। उनकी असमय मौत से घर के सामने आर्थिक और मानसिक संकट खड़ा हो गया है।

दुल्हन और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ब्यूटी बेसुध हो गई। शादी के बाद जिस घर में कुछ दिन पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। चारों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक रक्षाबंधन पर जिस भाई की कलाई पर बहनें राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं, अब उसकी यादें ही उनके साथ रह गई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now