Jaunpur News: शादी समारोह से लौट रहे अधेड़ कुक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे एक अधेड़ कुक की जान चली गई। तेज रफ्तार बोलेरो ने...और पढ़ें
Jaunpur News: शादी समारोह से लौट रहे अधेड़ कुक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे एक अधेड़ कुक की जान चली गई। तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

शादी में खाना बनाने गए थे रामदवर

जानकारी के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी 58 वर्षीय रामदवर मौर्य अपने एक साथी के साथ सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बरुआरीपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने गए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों मोपेड से अपने घर वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि रात करीब डेढ़ बजे लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर सरपतहां थाना क्षेत्र के पिपरौल गांव के पास स्थित नर्सरी के समीप दोनों कुछ देर के लिए रुके। इसी दौरान रामदवर सड़क किनारे मोपेड के पास खड़े होकर अपने साथी का इंतजार कर रहे थे, जबकि उनका साथी पानी पीने के लिए हैंडपंप की ओर चला गया था।

तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर

इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने रामदवर को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद बोलेरो उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराया और खाई में पलट गया।

हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल रामदवर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन थाने पहुंच गए। रामदवर मौर्य दो बेटों और एक बेटी के पिता थे। बताया गया कि उनके सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष शैलेश सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे सुनील मौर्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now