उच्च शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, छह कुलसचिव व परीक्षा नियंत्रकों के हुए तबादले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत कुलसचिवों एवं परीक्षा नियंत्रकों के तबादले करते हुए छह अधि...
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत कुलसचिवों एवं परीक्षा नियंत्रकों के तबादले करते हुए छह अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में शासन द्वारा आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलसचिव केशलाल का स्थानांतरण कर उन्हें काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही में परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। वहीं गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत अमृत लाल को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ का कुलसचिव बनाया गया है।
इसी क्रम में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर के परीक्षा नियंत्रक महेंद्र कुमार को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। वहीं रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलसचिव हरीश चंद्र को स्थानांतरित कर मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत संजीव कुमार सिंह को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। वहीं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के कुलसचिव अनिल कुमार यादव को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में परीक्षा नियंत्रक के पद पर तैनात किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी द्वारा जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएं।
