जौनपुर में बड़ा हादसा: सई नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, परिजनों में मची चीख-पुकार
मिली जानकारी के मुताबिक, जफराबाद थाना क्षेत्र के बैजाबाद गांव से करीब एक दर्जन युवक दोपहर में सई नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवक अचानक गहरे पानी की तरफ चले गए और डूबने लगे। साथ में मौजूद युवकों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण काफी देर तक दोनों का पता नहीं चल सका।
काफी तलाश के बाद मिले दोनों युवक
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवकों की खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला गया। साथी युवक तत्काल दोनों को बाइक से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतकों की पहचान बैजाबाद निवासी राजन चौहान पुत्र अनिल चौहान और रवि चौहान पुत्र राय चौहान के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
.webp)