जौनपुर में विधिक माप विज्ञान विभाग की बड़ी कार्रवाई, ओवरचार्जिंग और गलत बांट-माप पर कई दुकानदारों पर शिकंजा
जिलाधिकारी के निर्देश पर चला सघन जांच अभियान
जौनपुर में शुक्रवार को विधिक माप विज्ञान विभाग ने बाजारों और पेट्रोल पंपों पर व्यापक जांच अभियान चलाते हुए कई दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस औचक जांच से व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर दुकानों में बिक रहे सामानों के दाम और बांट-माप की जांच की।
वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान अजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले की 15 दुकानों और एक पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन सामने आया, जिसके बाद संबंधित दुकानदारों पर विभागीय कार्रवाई की गई।
कोल्डड्रिंक की बोतलों पर तय कीमत से ज्यादा वसूली
निरीक्षण के दौरान चौकिया स्थित मे० माँ शीतला स्वीट्स एंड कोल्डड्रिंक्स पर स्प्राइट की 740 मिलीलीटर बोतल निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचे जाने का मामला पकड़ा गया। इसके अलावा करंजाकला बाजार में स्थित मे० काजल कोल्डड्रिंक्स स्टोर पर एक लीटर थम्प्स अप की बोतल पर भी ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाई गई।विभागीय अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूलना कानूनन अपराध है।
बिना सत्यापित बांट-माप मिलने पर भी हुई कार्रवाई
जांच अभियान के दौरान मोलनापुर छबीलेपुर क्षेत्र में धीरज किराना स्टोर, राहुल पुत्र राजेंद्र (बर्तन विक्रेता) तथा अवधेश मौर्या (खाद-बीज विक्रेता) के यहां इस्तेमाल किए जा रहे बांट और माप निर्धारित नियमों के अनुसार सत्यापित नहीं पाए गए।
इस मामले में विधिक माप विज्ञान अधिनियम-2009 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देश दिया कि सभी बांट और माप उपकरणों का समय-समय पर सत्यापन और मुद्रांकन कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई के बाद बाजारों में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।
.webp)