शादी की खुशियां मातम में बदलीं, जौनपुर में सड़क हादसे में सिविल इंजीनियर युवक की मौत

जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक सिविल इंजीनियर युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में क...

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, जौनपुर में सड़क हादसे में सिविल इंजीनियर युवक की मौत

जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक सिविल इंजीनियर युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक युवक मुंबई में नौकरी करता था और अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने घर आया था। यह हादसा मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सतहरिया इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बिंद बस्ती के पास रात करीब साढ़े 10 बजे हुआ। मृतक की पहचान सुजानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भरहरा गांव निवासी 29 वर्षीय नागेंद्र पटेल उर्फ सुभाष पुत्र जगदीश पटेल के रूप में हुई है।

मुंबई में सिविल इंजीनियर था नागेंद्र

परिजनों के मुताबिक नागेंद्र पटेल मुंबई में रहकर सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह 14 मई को अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने गांव आए थे। परिवार में शादी का माहौल था और सभी लोग खुशी के माहौल में तैयारियों में जुटे हुए थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात नागेंद्र बाइक से अपने गांव से पवारा थाना क्षेत्र के ऊंचौरा स्थित ननिहाल जा रहे थे। इसी दौरान जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया चौकी क्षेत्र के बिंद बस्ती के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक काफी दूर जाकर गिरी और नागेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल नागेंद्र को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दो सप्ताह पहले हुई थी सगाई, विदेश जाने की थी तैयारी

नागेंद्र पटेल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाइयों के नाम महेंद्र पटेल और जितेंद्र पटेल बताए गए हैं। तीनों भाई मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं।

परिजनों ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले ही नागेंद्र की सगाई हुई थी। इतना ही नहीं, अगले महीने कंपनी की ओर से उन्हें विदेश भी भेजा जाना था। परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर काफी खुश था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। हादसे के बाद ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। वहीं गांव और आसपास के इलाके में इस हादसे के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

    Home Trending Shorts Stories Join Now