जौनपुर में सड़क हादसों पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश; हाईवे पर खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई

जौनपुर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन० की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट... Read more

जौनपुर में सड़क हादसों पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश; हाईवे पर खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई

जौनपुर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन० की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावी और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं का हर माह ऑडिट किया जाए और उसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इससे दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर भविष्य के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन अमूल्य है, इसलिए सड़क हादसों को रोकने के लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे ग्रीन बेल्ट विकसित करने और सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक स्थानों पर रिफ्लेक्टर तथा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने इलेक्ट्रिक पोल, पेड़ों और ट्रकों के पीछे भी रिफ्लेक्टर लगाए जाने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने पुराने और निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों (आउट ऑफ एज वाहन) को चिन्हित कर उन्हें स्क्रैप किए जाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भी सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और दुर्घटना की सूचना मिलने पर निर्धारित समय के भीतर एम्बुलेंस मौके पर पहुंचे, जिससे घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। इसके अलावा जिलाधिकारी ने डग्गामार वाहनों और अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

बैठक में सभी वाहनों में फर्स्ट एड किट रखने पर भी जोर दिया गया। वहीं एआरटीओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अवैध रूप से काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा मोटर व्हीकल एक्ट का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now