जौनपुर में कांग्रेसियों का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी हो जांच

जौनपुर में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर...और पढ़ें

जौनपुर में कांग्रेसियों का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी हो जांच

जौनपुर में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा के मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और सरकारी धन की खुलेआम लूट हो रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की संपत्तियों की जांच की मांग की जा रही है, तो भाजपा के मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने अजय राय को संघर्षशील और ईमानदार नेता बताते हुए कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पेपर लीक, महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अजय राय के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) भाजपा नेताओं की संपत्तियों की जांच करें। उनका कहना था कि इससे जनता के सामने यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनकी संपत्तियों में कितनी बढ़ोतरी हुई है।

वहीं, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि नीट सहित करीब 80 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे कई अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि कई छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं और कुछ ने आत्महत्या तक कर ली।

आरिफ खान ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रही है और प्रदेश में बढ़ते अपराधों को रोकने में भी नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि हत्या, बलात्कार, डकैती और छिनैती जैसी घटनाओं के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार, पेपर लीक और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now