जौनपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं! माला लेने जा रहे युवक को ट्रेलर ने रौंदा, घर में मचा कोहराम

जौनपुर। जिले के चंदवक थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियां छीन लीं। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर श्री ...

जौनपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं

जौनपुर। जिले के चंदवक थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियां छीन लीं। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर श्री गणेश राय इंटर कॉलेज कर्रा के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 

शादी में शामिल होने आया था युवक 

मृतक की पहचान अखिलेश कुमार उर्फ बबलू (38) पुत्र गोरखनाथ निवासी रामपुर कठरवा, थाना देवगांव, जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह अपने ससुर अजय राम के घर ग्राम ब्रह्मानपुर, थाना चंदवक में अपने साले की शादी में शामिल होने आए थे।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित 

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह अखिलेश अपने रिश्तेदार संदीप कुमार (27) पुत्र अजय कुमार निवासी ब्रह्मानपुर के साथ बाइक से चंदवक बाजार माला लेने जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ से वाराणसी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अखिलेश के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस के जरिए डोभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, संदीप कुमार के पैर में चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है।

मुंबई में सिलाई का काम करते थे अखिलेश 

परिजनों के मुताबिक अखिलेश मुंबई के घाटकोपर इलाके में रहकर सिलाई का काम करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी प्रतिमा, दो बेटे प्रांजल और अनिकेत तथा बेटी महिमा हैं। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रेलर और उसके चालक की पहचान की जा सके।

    Home Trending Shorts Stories Join Now