Jaunpur News: 70 वर्षीय मानस गायक का अधजला शव मिलने से सनसनी, घर से 200 मीटर दूर नाले किनारे मिला शव

फोटो : सांकेतिक  जौनपुर। जिले के तेजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित काधापुर (तरहरिय) गांव में रामचरितमानस गायक एवं कथावाचक अशोक मिश्रा (70) की सं...

Jaunpur News: 70 वर्षीय मानस गायक का अधजला शव मिलने से सनसनी, घर से 200 मीटर दूर नाले किनारे मिला शव
फोटो : सांकेतिक 

जौनपुर। जिले के तेजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित काधापुर (तरहरिय) गांव में रामचरितमानस गायक एवं कथावाचक अशोक मिश्रा (70) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह उनका शव घर से करीब 200 मीटर दूर नाले के किनारे अधजली अवस्था में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, अशोक मिश्रा गुरुवार रात भोजन करने के बाद करीब नौ बजे अपने कमरे में सोने चले गए थे। उसी दौरान उनकी पत्नी गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। देर रात जब वह घर लौटीं तो अशोक मिश्रा घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास नाले के किनारे एक शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह अशोक मिश्रा का शव है। शव आंशिक रूप से जला हुआ था। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास कुछ ऐसे संकेत भी मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की पत्नी ने जमीनी विवाद को घटना का कारण बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। 

ग्रामीणों के मुताबिक अशोक मिश्रा लंबे समय से रामचरितमानस का पाठ, मानस गान और कथा वाचन कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। क्षेत्र के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। उनके दो पुत्र महाराष्ट्र के नागपुर में नौकरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

तेजी बाजार थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

    Home Trending Shorts Stories Join Now