फरार निलंबित थाना प्रभारी की तलाश तेज: जौनपुर वसूली मामले में छह पुलिस टीमें कर रहीं छापेमारी

जौनपुर। जिले में निर्दोष लोगों से पैसे वसूलने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। मामले में निलंबित थाना प्रभारी दिव्य प्र...

Jaunpur News

जौनपुर।
जिले में निर्दोष लोगों से पैसे वसूलने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। मामले में निलंबित थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह, राज नारायण गिरि और वाराणसी निवासी राजेंद्र दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगी हैं। शनिवार को पुलिस टीमों ने लखनऊ और भदोही में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीमें अलग-अलग जिलों में संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई कर रही हैं।

दो आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने निलंबित थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह और राज नारायण गिरि की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें वाराणसी, प्रयागराज, मीरजापुर, लखनऊ और भदोही समेत कई जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं।

जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने आरोपियों से जुड़े करीब 50 रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए हैं। पुलिस इन नंबरों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की लोकेशन और उनके संपर्कों के बारे में लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले ही कई आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पहले भी हो चुकी है। सुरेरी थाने के पुलिसकर्मी विष्णु सिंह और सत्येंद्र गोंड के साथ ही ग्राहक सेवा केंद्र संचालक मनीष पटेल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं विकास सिंह और संकीत सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था।

एसआईटी अध्यक्ष गोल्डी गुप्ता ने कहा कि जांच जारी है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
    Home Trending Shorts Stories Join Now