बदलापुर की सियासत में तनुज पांडेय का बड़ा बयान, 2027 में सपा सरकार बनने का किया दावा
तनुज पांडेय बोले- हमारा किसी से मुकाबला नहीं
मीडिया ने जब तनुज पांडेय से पूर्व विधायक ओम प्रकाश 'बाबा' दुबे द्वारा 11 तारीख को निकाली जाने वाली साइकिल यात्रा को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, दुबे जी साइकिल यात्रा के बाद हाथी यात्रा भी निकालेंगे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या इन यात्राओं के जवाब में वे बदलापुर विधानसभा में कोई बड़ी लकीर खींचेंगे, तो तनुज पांडेय ने कहा कि उनका किसी से कोई कॉम्पिटिशन नहीं है। उनका उद्देश्य किसी से प्रतिस्पर्धा करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचकर अपनी बात और समाजवादी पार्टी का संदेश लोगों तक पहुंचाना है।
कोई भी क्षेत्र कभी संतृप्त नहीं हो सकता, वर्तमान विधायक के दावे पर पलटवार
बदलापुर के वर्तमान विधायक रमेशचंद्र मिश्र द्वारा विधानसभा क्षेत्र को 'संतृप्त' बताए जाने पर सपा नेता तनुज पांडेय ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कोई भी विधायक, सांसद या मंत्री किसी विधानसभा क्षेत्र को पूरी तरह संतृप्त नहीं कर सकता। विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और किसी भी क्षेत्र में हमेशा विकास एवं सुधार की संभावनाएं बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि यह दावा करता है कि उसने पूरे क्षेत्र को संतृप्त कर दिया है, तो यह बिल्कुल गलत है। जनता की समस्याओं को देखते हुए ऐसे दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
टिकट मिला तो बदलापुर से लड़ेंगे चुनाव
2027 के विधानसभा चुनाव में बदलापुर सीट से अपनी दावेदारी को लेकर तनुज पांडेय ने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी यह सीट ब्राह्मण कोटे में देती है, तो उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आशीर्वाद उन्हें जरूर प्राप्त होगा और वे बदलापुर से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में जनता का रुझान बदल रहा है और लोग इस बार परिवर्तन चाहते हैं। इसी आधार पर उन्होंने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का भरोसा जताया।
26 हजार बंद विद्यालयों को फिर शुरू कराने की कही बात
शिक्षा व्यवस्था पर अपनी बात रखते हुए तनुज पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में बंद हुए 26 हजार विद्यालयों को दोबारा शुरू कराने का काम किया जाएगा। उनका कहना था कि सरकारी विद्यालय बंद होने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। ऐसे विद्यालयों को फिर से संचालित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
युवाओं को रोजगार और किसानों को खाद की समस्या से राहत दिलाने का दावा
युवाओं की बेरोजगारी को गंभीर मुद्दा बताते हुए उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी रोजगार के लिए परेशान है। जनता का आशीर्वाद मिलने और सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
किसानों की समस्याओं पर उन्होंने कहा कि खेती के समय यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जरूरत है। इसके अलावा छुट्टा पशुओं से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इस समस्या से किसानों को राहत दिलाने के लिए प्रभावी योजना तैयार की जाएगी।
सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने पर रहेगा जोर
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तनुज पांडेय ने कहा कि क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर इलाज मिलना चाहिए। अस्पतालों में दवाओं, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
🖋 एच. एल. यादव (महराजगंज, जौनपुर)
%20(1).webp)
