गुरूजनों के योगदान को मिला गौरव, सम्मानित किये गये ज्ञान के शिल्पकार
मुगलसराय, चन्दौली। सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा में शिक्षक दिवस का आयोजन विद्यालय के श्री संगम सभागार में हुआ जो हर्षोल्...
मुगलसराय, चन्दौली। सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा में शिक्षक दिवस का आयोजन विद्यालय के श्री संगम सभागार में हुआ जो हर्षोल्लास, सम्मान और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का श्री गणेश विद्या की देवी मां सरस्वती एवं तुलसी वेदी के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं भारत के द्वितीय राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद् डॉ राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया गया। विद्यालय में शिक्षक दिवस मनाने का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ उनके समर्पण सृजनशीलता और विद्यालय के विकास में उनके अमूल योगदान को सम्मानित करना रहा।
प्राचार्य ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामना देते हुये उनके योगदान एवं जिम्मेदारियां को रेखांकित किया। इस दिवस को खास बनाने में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमो की झड़ी लगा दी जिसमें गुरु वंदना, युगल, एकल एवं समूह नृत्य, समूह गान, कविता वाचन, जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर गुरु शिष्य संबंध की गरिमा को अभिव्यक्त किया तथा म्यूजिकल बैंड की प्रस्तुति ने पूरे सभागार को झंकृत कर दिया।
कार्यक्रम में शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजन खेलकूद प्रतियोगिता हुई जहां शिक्षकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त पॉडकास्ट तथा वीडियो मेकिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों ने समारोह में नवीनता का रंग भरा। बच्चों ने हस्तनिर्मित आमंत्रण कार्ड पर शिक्षकों को सहस्ताक्षर आयोजन हेतु आमंत्रित किया तथा अपने हाथों से आकर्षक बैजेस बनाकर शिक्षकों को रोचक शीर्षकों से भी नवाज़ा। समारोह का सबसे भावपुर्ण एवं गौरवपूर्ण क्षण शिक्षक सम्मान समारोह रहा जिसमें कर्मपथ की यात्रा के 10 वर्षों की लंबी दूरी तय करने वाले चार सहयात्रियों वेद प्रकाश, भावना गुर्जर, दीक्षा सिंह एवं राम भरोस को डायमंड पिलर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। जिन्होंने अपने अथक प्रयासों और समर्पण से संस्था को एक नए आयाम तक पहुंचने में सक्षम योगदान दिया। इसके अतिरिक्त परंपरानुसार पांच वर्ष पूर्ण करने वाले सदस्यों को गोल्डेन पिलर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने संस्था के सभी शिक्षकों को नमन करते हुए कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र और समाज के भविष्य के वास्तविक शिल्पकार होते हैं। शिक्षकों से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कार, संवेदनशीलता, रचनात्मकता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि बदलते तकनीकी युग में भी शिक्षक का मानवीय स्पर्श और मार्गदर्शन सदैव महत्वपूर्ण रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य विनोद दास तथा संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन जाह्नवी खंडेलवाल एवं रिद्धिमा खंडेलवाल ने किया।
उक्त अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दीपक बजाज, प्रबन्ध निदेशक मनोज बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, गवेंद्र बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, प्राचार्य विनोद दास सहित तीनों वर्गों की संयोजिकाओं, शिक्षकों, बच्चों आदि की उपस्थिति रही।
.webp)